मणिशंकर अय्यर का बड़ा बयान: देश में पंचायती राज के समर्थक नहीं बचे
केरल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति पारा चढ़ गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने केरल सीएम पिनरई विजयन को लेकर ऐसा दावा किया कि कांग्रेस में भूचाल आ गया है। अय्यर ने कहा कि विजयन एक बार फिर केरल के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसी के साथ अय्यर ने केरल में पंचायती राज में सुधार के लिए कानून में संशोधन की आवश्यकता पर जोर दिया और इसकी जिम्मेदारी संभालने के लिए पिनरई विजयन का जिक्र किया।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में पहुंचे अय्यर
दरअसल, मणिशंकर अय्यर तिरुवनंतपुरम में 'विजन 2031: विकास और लोकतंत्र' शीर्षक से आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित कर रहे थे, जिसका उद्घाटन सीएम विजयन ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में मणिशंकर अय्यर ने पंचायती राज व्यवस्था में केरल के शीर्ष स्थान को कानूनी रूप से सुरक्षित करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए और इसके लिए सुझाव भी दिए।
देश में कोई पंचायती राज समर्थक नहीं बचा: अय्यर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कोई पंचायती राज समर्थक नहीं बचा। केरल के इस सेमिनार में मुझे अपनी पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का अफसोस है। सीएम विजयन मैं आपके चरणों में गिरकर निवेदन करता हूं, कांग्रेस की छोड़ी गई जिम्मेदारी आप संभालें।
इससे पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान पंचायती राज मंत्री के रूप में कार्य कर चुके अय्यर ने महात्मा गांधी के भारत के दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने एक ऐसे देश की कल्पना की थी, जहां सबसे गरीब लोग भी स्वामित्व की भावना महसूस करें और यह विश्वास करें कि राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रभावी भूमिका है। उन्होंने आगे कहा कि यह विडंबनापूर्ण लग सकता है कि उस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां एक 'मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी' का शासन है।
'पंचायती राज के मामले में केरल शीर्ष पर'
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है, क्योंकि यह एक राजकीय कार्यक्रम है और एक राष्ट्रीय अवसर है।' उन्होंने कहा कि निसंदेह पंचायती राज के मामले में केरल शीर्ष पर है और उसने इस संबंध में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, 'हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।'
केरल सीएम ने दी प्रतिक्रिया
वहीं केरल सीएम ने मणिशंकर अय्यर के बयान का वीडियो एक्स पर साझा करते हुए उनकी तारीफ की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा विजन 2031 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहे गए प्रेरक शब्द समकालीन परिदृश्य से पूरी तरह मेल खाते हैं। हम इस विश्वास में एकजुट हैं कि लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है जब सत्ता जनता के हाथों में हो। हम विकास की रीढ़ माने जाने वाले अपने स्थानीय निकायों को मजबूत करना जारी रखेंगे।

तमिलनाडु चुनाव प्रचार में एआई का इस्तेमाल, डिजिटल अवतार से वोट मांगते नजर आए विजय
मदद न मिलने पर भाई ने बाथरूम में बहन का किया अंतिम संस्कार, दिल दहला देने वाली घटना
नकली नोट पर ‘मेड इन इंडिया’ की मुहर, दाऊद इब्राहिम के गुर्गों की नई चाल
ग्लोबल मार्केट में उछाल, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से एशिया में तेजी
भेदभाव पर सख्त टिप्पणी, सुप्रीम कोर्ट ने योग्यता छूट से वंचित कर्मचारी को दी राहत
GTRI की मांग—QCO टेस्टिंग फीस तय करे सरकार, MSME पर बढ़ा बोझ
पाकिस्तान पर बढ़ा वित्तीय दबाव, यूएई ने 3 अरब डॉलर की तत्काल वापसी की मांग की