आगरा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में खंदौली के गांव मुड़ी से निकाला गया ट्रैक्टर मार्च रविवार को जबरदस्त हंगामे और बवाल में बदल गया। करीब एक हजार प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर यमुना एक्सप्रेसवे को लगभग 45 मिनट तक पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस के साथ तीखी झड़प, ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे इलाके में भारी अफरातफरी मच गई।

एक्सरसावे पर कब्जा और यातायात ठप

प्रदर्शनकारी रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मुड़ी चौराहे से 300 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करने के लिए निकले थे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी बल पहले से ही तैनात था। जब प्रदर्शनकारी नादऊ में यमुना एक्सप्रेसवे पुल के नीचे पहुंचे, तो प्रशासन ने हाइड्रा और जेसीबी लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर रखा था।

रास्ता बंद होने से गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और बैरिकेडिंग को उखाड़ फेंका। इसके बाद वे खेतों के रास्ते दोपहर 12:30 बजे सीधे एक्सप्रेसवे पर जा पहुंचे। उन्होंने अपने ट्रैक्टर और वाहन बीच सड़क पर आड़े-तिरछा खड़े कर दिए, जिससे करीब 45 मिनट तक यातायात पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर सवा बजे पुलिस और वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद युवाओं को एक्सप्रेसवे से नीचे उतारा गया।

पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश और पथराव

एक्सरसावे से नीचे उतरने के बाद दोपहर डेढ़ बजे करीब एक दर्जन ट्रैक्टरों पर सवार कुछ प्रदर्शनकारी फिर से शहर की ओर बढ़ने लगे। जब नाई की सराय के पास पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो कुछ उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर ही ट्रैक्टर चढ़ाने की खतरनाक कोशिश की।

स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया, जिससे सड़क से गुजर रहे एक कंटेनर के शीशे टूट गए। पुलिस के लाठीचार्ज में खंदौली के आविदगढ़ निवासी सचिन नामक युवक के पैर में चोट लग गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। दोपहर 3 बजे पुलिस आयुक्त दीपक कुमार भी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

ज्ञापन सौंपने को लेकर आपसी मतभेद और प्रदर्शन समाप्त

प्रदर्शन के अंतिम चरण में प्रशासन को ज्ञापन सौंपने को लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच ही आपसी मतभेद उभरकर सामने आए। यूजीसी मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, मनोज सिकरवार, लाखन सिंह त्यागी, संपूर्ण सुधार संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी और अविनाश बेंस जैसे वरिष्ठ नेताओं ने एसडीएम एत्मादपुर सुमित कुमार सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस प्रक्रिया से कई युवा नाराज हो गए और जिलाधिकारी (डीएम) को मौके पर बुलाकर ही ज्ञापन सौंपने की जिद करने लगे, जिससे कुछ देर के लिए वहां गहमागहमी का माहौल बन गया। हालांकि, बाद में वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद यह विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।