कानपुर में डबल मर्डर से सनसनी: बाइक भिड़ने के बाद पिता-पुत्र को उतारा मौत के घाट
कानपुर। नौबस्ता इलाके में खाकी के इकबाल को चुनौती देते हुए दबंगों ने बीच सड़क पर एक खूनी वारदात को अंजाम दिया। विराटनगर पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी और यशोदानगर चौराहे पर पुलिस पिकेट की मौजूदगी के बावजूद, रविवार रात एक मामूली सड़क हादसे ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। बाइक टकराने के विवाद में तीन युवकों ने सरेराह एक बुजुर्ग और उनके छोटे बेटे की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बड़ा बेटा इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इस दुस्साहसिक वारदात को देखकर भड़की भीड़ ने मौके से एक आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार होने में कामयाब रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने हैलट अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसकी मां से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।
मामूली विवाद और खूनी अंत
रामनगर (चकेरी मोड़) स्थित नई प्लाटिंग के निवासी शिवनारायण त्रिवेदी (60) अपने दो बेटों शिवम (26) और सत्यम (30) के साथ किदवईनगर की एक मार्बल दुकान में काम करते थे। रविवार रात तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यशोदानगर में वृंदावन लॉन के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से छू गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। दूसरी बाइक पर सवार तीन दबंगों ने पहले हेलमेट से पिता-पुत्रों के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर चाकू निकालकर उन पर टूट पड़े।
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया
सड़क पर खून से लथपथ तड़प रहे तीनों घायलों को राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस हैलट अस्पताल ले गई। वहाँ डॉक्टरों ने शिवनारायण और उनके छोटे बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़े बेटे सत्यम का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस दोहरे कत्ल की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और शिवनारायण की पत्नी सुधा बेसुध हो गईं।
-
पकड़ा गया आरोपी: शिवा वर्मा (निवासी कानपुर देहात, वर्तमान निवासी श्यामनगर - ऑनलाइन डिलीवरी बॉय)
-
फरार आरोपी: करन वर्मा और उत्सव अवस्थी (दोनों नौबस्ता के निवासी)
-
मुख्य हमलावर: पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि करन ने ही चाकू से मुख्य वार किए थे।
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
खाकी का खौफ खत्म: एक तरफ विराटनगर पुलिस चौकी और दूसरी तरफ यशोदानगर चौराहे पर मुस्तैद पिकेट पॉइंट के बावजूद दबंग बेखौफ होकर पिता-पुत्रों को सड़क पर काटते रहे। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी तमाशा देखती रही।
जब तीनों पीड़ित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए, तब जाकर लोगों ने हिम्मत दिखाकर एक हमलावर को पकड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर फरार आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।

राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
निर्माणाधीन सुरंग हादसे से मचा हड़कंप, 10 मजदूरों की गई जान
कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन, राहुल-अखिलेश समेत कई नेता हिरासत में