इस साल सात करोड़ 50 लाख बढ़ी दुनिया की जनसंख्या

वाशिंगटन । नववर्ष 2024 के दिन दुनिया की कुल वैश्विक आबादी आठ अरब से अधिक हो जाने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार विश्व की जनसंख्या पिछले साल सात करोड़ 50 लाख बढ़ी है। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। जनगणना ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दुनिया भर में जनसंख्या की वृद्धि दर एक प्रतिशत से कम रही। वर्ष 2024 की शुरुआत में दुनिया भर में हर सेकंड में 4.3 लोगों का जन्म और दो लोगों की मौत होने का अनुमान है। अमेरिका की जनसंख्या की वृद्धि दर पिछले वर्ष 0.53 प्रतिशत थी, जो दुनिया भर की वृद्धि दर से आधी है। अमेरिका की आबादी इस साल 17 लाख बढ़ी और नववर्ष पर इसकी कुल जनसंख्या 33 करोड़ 58 लाख हो जाएगी। जनसांख्यिकी विशेषज्ञ विलियम फ्रे ने इस संबंध में कहा कि जनसंख्या में वृद्धि की मौजूदा गति यदि इस दशक के अंत तक बरकरार रही, तो 2020 का दशक जनसंख्या में बढ़ोतरी के लिहाज से अमेरिकी इतिहास में सबसे धीमी गति का दशक हो सकता है। और 2020 से 2030 तक 10 साल की अवधि में वृद्धि दर चार प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है।