Yogi Adityanath आजमगढ़ दौरे पर, दुग्ध अवशीतन केंद्र का करेंगे लोकार्पण
आजमगढ़।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को करीब डेढ़ घंटे के लिए जिले में रहेंगे। वे दोपहर बाद 3 बजे ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रखी जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद शाम को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को लगभग तीन बजे मुख्यमंत्री उद्योग नीति के तहत ग्राम मीरिया रेहड़ा में स्थापित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बताया गया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे का होगा।
बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, रूट डायवर्जन के प्रभावी क्रियान्वयन और यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने के लिए विस्तृत निर्देश दिए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, आवागमन मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले को सात सुपर जोन, 20 जोन और 50 सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन के लिए सात अपर पुलिस अधीक्षक, 20 जोन के लिए क्षेत्राधिकारी और 50 सेक्टर के लिए निरीक्षक रैंक के पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए दो कंपनी पीएसी और 4000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी को पूर्व निर्धारित ड्यूटी के अनुसार मुस्तैद रहने और जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक त्रिपाठी समेत अन्य जनपदों से आए अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस बल, राजस्व विभाग के अधिकारी और पीएसी की कंपनियां मौजूद रहीं।
दुग्ध अवशीतन केंद्र की क्षमता 40 हजार लीटर रोज
सगड़ी तहसील क्षेत्र के मीरिया रेहड़ा गांव में स्थापित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि श्री शेषनाथ सिंह दूध एवं बर्फ फैक्ट्री/श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दूध उत्पादक कंपनी लिमिटेड द्वारा स्थापित इस केंद्र की क्षमता 40,000 लीटर प्रतिदिन है। इस केंद्र से 165 गांव जुड़े हैं और इसमें 3833 महिला दुग्ध उत्पादक सदस्य शामिल हैं।
वर्तमान में इन महिला दुग्ध उत्पादकों द्वारा ग्राम स्तर पर लगभग 25,000 लीटर दूध का संग्रह कर केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है। केंद्र पर ग्राम स्तर पर 10 कार्मिक दुग्ध उपार्जन का कार्य कर रहे हैं। इस दुग्ध अवशीतन केंद्र के संचालन के लिए कुल 18 दुग्ध संग्रहण मार्ग बनाए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

सेहत के लिए चेतावनी: गर्मियों में ये सीड्स बढ़ा सकते हैं शरीर की गर्मी
ईरान-अमेरिका में बड़ी बातचीत: इन शर्तों पर 45 दिन का सीजफायर संभव
‘अपनी जमीन पर शराब बिक्री नहीं’: मालवा स्टैलियंस की मालिक रेमन कक्कड़ का सख्त रुख
राम अवतार जग्गी हत्याकांड: हाईकोर्ट ने अमित जोगी को सुनाई उम्रकैद
बच्चों की डाइट में शामिल करें ये चीजें, बचपन से बनेंगे फिट और हेल्दी
जनसुनवाई में सिंधिया का गुस्सा: कलेक्टर को लगाई फटकार, बोले- ये आवेदन नहीं ‘सोना’ है
गैस संकट में डीलरों का खेल: उपभोक्ताओं से ठगी कर कमाए 28 लाख रुपए, हुआ बड़ा खुलासा
बर्फ में लिपटा केदारनाथ धाम, यात्रा पर संकट गहराया; मौसम विभाग का आज भी अलर्ट जारी
ग्वालियर जू में खुशखबरी: बाघनी ‘मीरा’ ने 2 रॉयल बंगाल और 1 सफेद शावक को जन्म दिया